Lucknow News: व्यक्ति के बंधन और मोक्ष का कारण उसका मन है, ब्रह्मकुमारी सम्मेलन में बोले CM योगी

CM Yogi Adityanath Speech in Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा ने मन को ही व्यक्ति के बंधन और मोक्ष का मूल कारण माना है

Admin 2
Published on: 28 Nov 2025 2:47 PM IST
CM Yogi Adityanath Speech in Brahma Kumaris Yoga Event Chief Guest President Murmu
X

CM Yogi Adityanath Speech in Brahma Kumaris Yoga Event Chief Guest President Murmu

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा ने मन को ही व्यक्ति के बंधन और मोक्ष का मूल कारण माना है। सद्गुरु रविदास जी के संदेश "मन चंगा तो कठौती में गंगा" का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति मन की बहिर्मुखी प्रवृत्ति को अंतर्मुखी कर लेता है, वह न केवल आत्मिक शांति प्राप्त करता है बल्कि विश्व कल्याण के मार्ग भी खोलता है।

मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि आज दुनिया में आतंकवाद, हिंसा और अराजकता जैसी समस्याओं के पीछे मन की चंचल और नकारात्मक प्रवृत्तियां हैं। जीवन का सकारात्मक पक्ष मनुष्य को रचनात्मक दिशा देता है जबकि नकारात्मक पक्ष अराजकता और विनाश की ओर ले जाता है। भारतीय परंपरा ने इसी नकारात्मक प्रवृत्ति को राक्षसी वृत्ति कहते हुए उसे आतंकवाद का स्वरूप माना है और भौतिक व आध्यात्मिक दोनों स्तरों पर इसके खिलाफ संघर्ष किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति में संबोधन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित ब्रह्माकुमारीज में आयोजित विश्व एकता एवं विश्वास के लिए ध्यान (योग) के राज्य स्तरीय उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति में बोल रहे थे।

योग को वैश्विक मान्यता दिलाने के लिए पीएम मोदी का आभार

सीएम योगी ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने योग को संयुक्त राष्ट्र से वैश्विक मान्यता दिलाई और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में स्थापित कराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय ऋषि परंपरा की ‘प्रसाद’ योग विधा को दुनिया भर में सम्मान दिलाया है।

राष्ट्रपति मुर्मु की संघर्ष यात्रा प्रेरणादायी

कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का स्वागत करते हुए योगी ने कहा कि उनका जीवन संघर्ष, सेवा और प्रेरणा का उत्कृष्ट उदाहरण है। एक शिक्षक के रूप में शुरुआत कर उन्होंने जनसेवा के मार्ग पर चलते हुए पार्षद से लेकर देश के सर्वोच्च पद तक की यात्रा तय की—जो हर भारतीय के लिए प्रेरक है।

ब्रह्माकुमारीज: सकारात्मकता और राजयोग का प्रसार

मुख्यमंत्री ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय से जुड़ी बहनों और पदाधिकारियों का सम्मान करते हुए कहा कि संस्थान अपने कार्यक्रमों और राजयोग के माध्यम से समाज में लगातार सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार कर रहा है।

उन्होंने लखनऊ में लगभग तैयार हो चुके प्रशिक्षण केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रदेश का महत्वपूर्ण योग प्रशिक्षण केंद्र बनेगा, जहां एक दिन, तीन दिन और साप्ताहिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित होंगे।

सीएम योगी ने आशा व्यक्त की कि ब्रह्माकुमारीज वर्ष भर इस थीम को प्रदेश, देश और विश्व स्तर पर आगे बढ़ाने में सफल होंगे।

कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, राजयोगी डॉ. ब्रह्मकुमार मृत्युंजय, राजयोगिनी ब्रह्मकुमारी राधा, राष्ट्रीय संयोजक डॉ. ब्रह्मकुमार नथमल सहित ब्रह्माकुमारीज संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रशिक्षक और साधक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

1 / 5
Your Score0/ 5
Admin 2
ABOUT THE AUTHOR

Admin 2

Next Story