TRENDING TAGS :
क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान में एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान: एकता-अखंडता की दिलाई शपथ
राजधानी में एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान में सोमवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
Lucknow News: Photo-Social Media
Lucknow Today News: राजधानी में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान में सोमवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के बहिरंग अनुभाग में आए रोगियों, नागरिकों और संगोष्ठी कक्ष में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभारी सहायक निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह द्वारा एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य के क्षेत्र में इस अभियान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। इस दौरान मौजूद वक्ताओं ने बताया कि स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत और एकजुट भारत की नींव रख सकते हैं। इसी उद्देश्य से संस्थान में आयुर्वेद और समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्याख्यान भी आयोजित किया गया।
भारत की असली ताकत उसकी विविधता में निहित है
इस शपथ का उद्देश्य देश की विविधता में एकता को सशक्त बनाना और विभिन्न राज्यों, भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के प्रति आपसी सम्मान और समझ को बढ़ावा देना है। प्रभारी सहायक निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में निहित है, और इस विविधता को सम्मान व सहयोग से जोड़ना ही “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान का मूल संदेश है।
अखंडता और सांस्कृतिक समृद्धि को बनाए रखने का संकल्प
कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी (एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान) डॉ. श्रीकला वी, अनु.अधि. (आयु.) द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव (अनु. अधि.आयु.) डॉ. सुरेन्द्र कुमार (अनु.अधि.-आयु.) सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक समृद्धि को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।


