Shravasti News: नेपाल विरोध के बीच प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने सीमा क्षेत्रों का किया निरीक्षण

Shravasti News: नेपाल में जारी विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए श्रावस्ती के डीएम और एसपी ने एसएसबी अधिकारियों के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।

Radheshyam Mishra
Published on: 10 Sept 2025 3:56 PM IST
Shravasti News: नेपाल विरोध के बीच प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने सीमा क्षेत्रों का किया निरीक्षण
X

Shravasti News

Shravasti News: पड़ोसी देश नेपाल में जारी विरोध प्रदर्शनों के मद्देनज़र बुधवार को जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से एसएसबी कमांडेंट ए.के. वरुण के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का निरीक्षण किया।

इस दौरान उच्च अधिकारियों ने सुईया बॉर्डर, तुरुष्मा बॉर्डर, भरथा रोशनगढ़ सहित विभिन्न सीमा चौकियों और संवेदनशील स्थलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षाकर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सुरक्षाकर्मियों को निर्देशित किया कि वे पड़ोसी देश की परिस्थितियों पर सतत निगरानी बनाए रखें और किसी भी नकारात्मक प्रभाव को भारतीय क्षेत्र में न आने दें। यदि किसी प्रकार की आशंका प्रतीत होती है, तो तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफ़वाहों पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने कहा कि इस विकट परिस्थिति में आपसी सहयोग और समन्वय अत्यंत आवश्यक है, और प्रशासन आपकी सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र के नागरिकों को यह भी बताया कि सीमा पार की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है तथा सुरक्षा बलों की गश्त, ड्रोन निगरानी और चेकिंग को और अधिक मजबूत किया गया है। इसके अतिरिक्त, स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन समय रहते उचित कार्रवाई कर सके।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज, डिप्टी कमांडेंट एसएसबी, पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल भी उपस्थित रहा।

1 / 9
Your Score0/ 9
Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

Next Story