Sonbhadra News: प्रेम विवाह का दुखद अंत, शादी के कुछ महीनों बाद युवक ने की आत्महत्या, पत्नी से विवाद बना वजह

Sonbhadra News: परिवार की ओर से अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाकर शव का पोस्टमार्टम कराया

Kaushlendra Pandey
Published on: 24 July 2025 9:13 PM IST
Sonbhadra News
X

Sonbhadra News (image from Social Media))

Sonbhadra News: जुगैल थाना क्षेत्र के सेमिया गाँव के सेमरहवा टोले में बुधवार रात 22 वर्षीय युवक द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। इस घटना का कारण कुछ महीने पहले हुए प्रेम विवाह और घटना से ठीक पहले पत्नी बनी प्रेमिका के साथ हुए विवाद को बताया जा रहा है। हालाँकि, परिवार की ओर से अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाकर शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया है।

पारिवारिक विवाद बताया जा रहा खुदकुशी का कारण: सीओ

क्षेत्राधिकारी ओबरा हर्ष पांडेय ने बताया कि जुगैल थाने को सूचना मिली थी कि सेमिया गाँव निवासी 22 वर्षीय रघुनंदन अग्रहरि (पुत्र कल्लू अग्रहरि) ने पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या कर ली है। पुलिस की शुरुआती छानबीन में सामने आया है कि कुछ दिन पहले ही उसका प्रेम विवाह हुआ था। उन्होंने बताया कि इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

दो साल पहले इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती

बताया जा रहा है कि रघुनंदन अग्रहरि की इंस्टाग्राम पर एक युवती से दोस्ती हो गई थी। लगभग दो साल तक दोनों के बीच बातचीत चलती रही। फोन पर लंबी बातचीत के बाद, दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और सामाजिक बंधनों को दरकिनार करते हुए कुछ महीने पहले शादी कर ली। शादी के बाद प्रेमिका से पत्नी बनी युवती अपने पति के साथ ससुराल में ही रह रही थी।

आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बनी

कुछ महीने पहले हुए प्रेम विवाह के बाद आखिर ऐसी क्या परिस्थिति उत्पन्न हो गई कि युवक को अपने ही घर में आत्महत्या करनी पड़ी। परिवार वालों का दावा है कि बुधवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। इसी बात से नाराज़ होकर रघुनंदन ने अपने कमरे में फाँसी से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सही वजह क्या है, यह फिलहाल किसी को नहीं पता। इस बारे में पुलिस का कहना है कि वे अपने स्तर पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन समाचार दिए जाने तक युवक के परिवार की ओर से जुगैल पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी।

1 / 10
Your Score0/ 10
Kaushlendra Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Kaushlendra Pandey

Next Story