TRENDING TAGS :
Barabanki News: बाराबंकी के रानी लक्ष्मीबाई और साईं कॉलेज में छात्राएं हुईं बेहोश, एक साथ दो कॉलेजों से बच्चे पहुंचे जिला अस्पताल, मचा हड़कंप
Barabanki News: घटना के बाद शिक्षकों में हड़कंप मच गया और छात्राओं को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों की भीड़ जुट गई है।
Barabanki News
Barabanki News: बाराबंकी जिले में स्कूली बच्चों के अचानक बेहोश होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को दोपहर एक बार फिर जिले में बड़ी घटना सामने आई जब शहर के दो प्रमुख निजी विद्यालय रानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज और साईं इंटर कॉलेज में पढ़ाई के दौरान करीब छह से सात छात्राएं एक साथ बेहोश हो गईं।
घटना के बाद शिक्षकों में हड़कंप मच गया और छात्राओं को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों की भीड़ जुट गई है। डॉक्टरों की टीम छात्राओं का इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार सभी छात्राएं काफी घबराई हुई हैं। बताया जा रहा है कि दोनों कॉलेजों की कक्षाओं में पढ़ाई के दौरान छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और एक-एक कर कई छात्राएं बेहोश हो गईं। स्थिति को देखते हुए विद्यालयों में तत्काल छुट्टी दे दी गई है।
साईं इंटर कॉलेज में बेहोश हुई एक छात्रा के परिजन ने विद्यालय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में एक-एक कक्षा में 60–70 बच्चे भरे होते हैं, जिनमें महज़ तीन-चार पंखे लगे हैं। वह भी तभी चलते हैं जब बिजली होती है, लेकिन बिजली जाते ही पंखे बंद हो जाते हैं और जनरेटर तक नहीं चलाया जाता। चार पंखों में इतनी संख्या के बच्चों को राहत मिलना संभव नहीं है, यही कारण है कि बच्चे बार-बार बीमार हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि इस पर तुरंत ध्यान दिया जाए और विद्यालयों में छात्रों की संख्या के अनुसार पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
गौरतलब है कि आज सुबह भी फतेहपुर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय रसौली में तीन छात्र अचानक बेहोश हो गए थे, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। यह एकमात्र मामला है जिसमें सरकारी विद्यालय के बच्चों की तबीयत बिगड़ी है, जबकि इससे पहले हुई सभी घटनाएं निजी विद्यालयों से जुड़ी रही हैं।
पिछले कई दिनों से बाराबंकी के विभिन्न निजी विद्यालयों में छात्रों के बेहोश होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ मामलों में बच्चों की मौत तक हो चुकी है जिनमें ‘साइलेंट अटैक’ को वजह बताया गया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से बच्चों के अभिभावक बेहद चिंतित हैं और स्कूलों में दहशत का माहौल बन गया है।
यदि भीषण गर्मी की वजह से बच्चे बेहोश हो रहे हैं तो इससे पहले भी इसी तरह की घटनाओं में बच्चों की मौत हो चुकी है ऐसे में कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। क्योंकि पहले के मामलों में भी पढ़ाई के दौरान बच्चे अचानक बेहोश हुए और फिर उनकी मौत हो गई। कुछ घटनाओं में हृदय संबंधी दिक्कतें सामने आई हैं। बता दें कि जब यह घटनाएं एक पैटर्न बनाती दिख रही हैं तो प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को गंभीरता से इसकी जांच कर सटीक कारणों का पता लगाना चाहिए।


