TRENDING TAGS :
हापुड़: हाईवे पर तीन वाहन भिड़े, एक की मौत, तीन घायल
हापुड़: यूपी के जनपद हापुड़ की नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित नेशनल हाइवे -9 पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने सभी को दहला दिया।
Hapur News
Hapur News: यूपी के जनपद हापुड़ की नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित नेशनल हाइवे -9 पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने सभी को दहला दिया। शिवा ढाबे के पास एक खराब खड़े कैंटर से पिकअप वाहन की टक्कर हो गई, जिसके तुरंत बाद पीछे से आ रही रोडवेज बस भी दोनों वाहनों से टकरा गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
देर रात हुआ सड़क हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात एक कैंटर सड़क किनारे शिवा ढाबे के पास खराब होने के कारण खड़ा था। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे बदायूं जिले के असौली गांव निवासी प्रेमपाल अपने बेटे प्रिंस के साथ पिकअप में दिल्ली की ओर जा रहे थे। उनके साथ संभल जिले के न्यौरा गांव निवासी उर्मिला और सतपाल भी थे। शिवा ढाबे के पास पिकअप अचानक खराब कैंटर से टकरा गई, और पीछे से तेज रफ्तार में आ रही उत्तराखंड रोडवेज की काठगोदाम डिपो की बस ने दोनों वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में पिकअप सवार चारों लोग – प्रेमपाल, प्रिंस, उर्मिला और सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिकअप में फंसी एक महिला समेत दो लोगों को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली और हाफिजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सतपाल ने दम तोड़ दिया। अन्य तीनों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।हादसे के कारण हाईवे पर एक ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात व्यवस्था को सामान्य किया।
तहरीर प्राप्त होने पर होंगी वैधानिक कार्यवाही
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि, “इस संबंध में अभी कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हादसे की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पुलिस द्वारा मृतक व घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।


