Lucknow News: अखिल भारतीय सर्वजन हित पार्टी ने शुरू किया सदस्यता अभियान: पंचायत और विधानसभा चुनावों के लिए कसी कमर

Sarvajan Hit Party started membership campaign

Virat Sharma
Published on: 10 Jun 2025 5:52 PM IST
Lucknow News
X

Sarvajan Hit Party started membership campaign

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में मंगलवार को अखिल भारतीय सर्वजन हित पार्टी ने जोरदार सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम नारायण चौबे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पार्टी के भावी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक ढांचे की विस्तृत जानकारी दी गई।

सर्वजन हित पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम नारायण चौबे ने इस मौके पर कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश की आगामी पंचायत चुनावों में पूरे दमखम और तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी हर पंचायत में अपने प्रत्याशी खड़े करेगी और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी ताक़त से लड़ेगी।

2027 विधानसभा चुनावों की भी तैयारी

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम नारायण चौबे ने यह भी बताया कि पंचायत चुनावों के बाद पार्टी की अगली बड़ी तैयारी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर विधानसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशी उतारेगी और इसके लिए बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पार्टी की विचारधारा पहुँच सके। वहीं कार्यकारिणी में प्रमुख नियुक्तियों की घोषणा की गई। श्याम नारायण चौबे ने राष्ट्रीय महासचिव पद पर मुकेश दुबे और प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दीपक पाण्डेय को ज़िम्मेदारी सौंपी।

समाज में समानता और बुनियादी जरूरतों की पूर्ति पार्टी का लक्ष्य: मुकेश दुबे

इस दौरान सर्वजन हित पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मुकेश दुबे ने पार्टी की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि अखिल भारतीय सर्वजन हित पार्टी का संकल्प है। बेरोजगारी, गरीबी, अशिक्षा, भुखमरी, जल संकट, और भ्रष्टाचार से मुक्त समाज की स्थापना करना। उन्होंने कहा कि पार्टी “सबका साथ, सबका हक” के मूल मंत्र के साथ सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का बीड़ा उठाएगी।



राष्ट्रीय महासचिव मुकेश दुबे ने कहा कि “हर हाथ को काम, हर घर को फ्री इलाज, हर गांव को पानी, हर बच्चे को फ्री शिक्षा और हर नागरिक को न्याय व सम्मान दिलाना हमारा प्रमुख मिशन है।

प्रदेश और मंडल स्तर पर की गई संगठनात्मक नियुक्तियां

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी के कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों की घोषणा भी की गई। इनमें उपाध्यक्ष पद पर एडवोकेट विघा कांत शर्मा, मनीष पाण्डेय, विवेक दुबे, सचिव पद पर महेंद्र नाथ श्रीवास्तव, प्रवेश श्रीवास्तव, अरूण दुबे और प्रचार मंत्री के रूप में राहुल दीक्षित की नियुक्ति हुई।

इसके अलावा मंडल और जिला कार्यकारिणी में भी कई प्रमुख नामों को ज़िम्मेदारियां सौंपी गईं। इनमें कानपुर मंडल संयोजक वैभव सक्सेना, फैजाबाद मंडल संयोजक कुलदीप शुक्ला, आजमगढ़ मंडल संयोजक महेंद्र सिंह यादव, और अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल हैं।




2 हजार लोगों ने ग्रहण की सक्रिय सदस्यता

इस सदस्यता अभियान के अंतर्गत लगभग 2 हजार लोगों ने सक्रिय सदस्यता ग्रहण की। लखनऊ जिला संयोजक राज पाण्डेय, जिला सचिव राजेश पाण्डेय और बहराइच जिला सचिव आशा पाठक जैसे कई पदाधिकारियों ने शपथ लेकर संगठन को मज़बूत करने का संकल्प लिया।

1 / 7
Your Score0/ 7
Virat Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Virat Sharma

Virat Sharma is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story