Sonbhadra : पूर्व प्रधान ने बेटे के नाम बैनामा कराई जमीन, स्वयं दस्तखत कर थमाया पत्नी के एकाउंट का चेक, धोखाधड़ी का केस दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस

Sonbhadra News: न्यायालय के हस्तक्षेप पर राबटर्सगंज कोतवाली पुलिस ने पूर्व प्रधान, उनके पुत्र और पत्नी के खिलाफ धारा 318(2), 316(2), 352, 351(2) के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Kaushlendra Pandey
Published on: 21 July 2025 7:58 PM IST
Sonbhadra : पूर्व प्रधान ने बेटे के नाम बैनामा कराई जमीन, स्वयं दस्तखत कर थमाया पत्नी के एकाउंट का चेक, धोखाधड़ी का केस दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस
X

पूर्व प्रधान ने बेटे के नाम बैनामा कराई जमीन  (photo; social media )

Sonbhadra News: राबटर्सगंज कोतवाली क्षेत्र के रौप गांव में जमीन के बैनामे को लेकर अजब-गजब का खेल सामने आया है। आरोप है कि रौप ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान ने, बेटे के नाम जमीन बैनामा कराई और इस जमीन की धनराशि के एवज में, जमीन विक्रेता को एक चेक थमाया गया जिस पर हस्ताक्षर तो पूर्व प्रधान के थे लेकिन चेक पत्नी के नाम वाले एकाउंट का था। आरोप है कि इसके बाद भी इसी तरह के कई चेक थमाए गए। बाद में धनराशि के अदायगी से ही इंकार कर दिया गया। न्यायालय के हस्तक्षेप पर राबटर्सगंज कोतवाली पुलिस ने पूर्व प्रधान, उनके पुत्र और पत्नी के खिलाफ धारा 318(2), 316(2), 352, 351(2) के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

रौप गांव निवासी हरेराम ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसके नाम से ग्राम रौप में आराजी नंबर 805 की जमीन स्थित है जिसमें अपने भाईयों के साथ सहखातेदार है। उससे पूर्व प्रधान राजकुमार यादव आकर मिले और जमीन खरीदने की बातचीत की। जब उसने भाइयों के सही सह खातेदार होने की बात बताई तो उन्होंने कहा कि उन्होंने उन लोगों से भी बात कर ली है। उनके हिस्से की भी जमीन साथ में खरीद लूंगा। संबंधित की जमीन की कीमत 27 लाख तय की गई और इसके मुताबिक वह और उसके भाइयों ने 16 जून 2023 को जाकर रजिस्ट्री कर दी।

तीन लाख रुपये का एक चेक दिया

रजिस्ट्री के बाद उसे 3,00,000 (तीन लाख रुपये) का एक चेक दिया गया, जो जमीन के एवज में दी जाने वाली धनराशि में बची हुई धनराशि का था। पूर्व प्रधान ने जमीन बेटे चंद्रजीत यादव के नाम बैनामा कराई और स्वयं गवाह बने। जब वह चेक लेकर बैंक पहुंचा तो पता चला कि वह चेक उनकी पत्नी शिव कुमारी के नाम से है लेकिन उस पर हस्ताक्षर राजकुमार यादव के हैं। जब उसने इस पर एतराज जताया तो उसे अलग-अलग इसी तरह का चेक देकर परेशान किया जाता रहा। आरोप है कि गत 27 अप्रैल .2025 को उसके साथ गाली-गलौज करते हुए धमकियां दी गईं। राबटर्सगंज कोतवाली पुलिस के मुताबिक प्रकरण में लगाए गए आरोपों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।

1 / 6
Your Score0/ 6
Kaushlendra Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Kaushlendra Pandey

Next Story